संत गुरु रविदास जी के आदर्श सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं : राज सिन्हा

संत गुरु रविदास जी के आदर्श सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं : राज सिन्हा

डीजे न्यूज, धनबाद: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मनाईटांड मंडल के तत्वावधान में आयोजित “सामाजिक समरसता एवं एकता पर्व” के तहत रविदास मंदिर, सब्जी बागान में दीपोत्सव एवं संध्या आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने सहभागिता कर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण किया तथा मंदिर के पुजारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने विचारों और कर्मों से समाज को जाति, ऊँच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर एकता, प्रेम और सद्भाव का मार्ग दिखाया। आज उनके आदर्श विकसित, समरस और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और विकास का संकल्प लेकर कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ बनाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए संत गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक एकता, भाईचारे और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री रुपेश सिन्हा, जिला मंत्री मौसम सिंह, मंडल अध्यक्ष इंद्रभूषण कुशवाहा सहित भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top