साइकिल रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद मंडल में शुक्रवार को उत्साह, जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मुकेश कुमार के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से धनबाद कोचिंग डिपो तक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में अधिकारी, कर्मचारी तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चे शामिल हुए। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी के प्रति जागरूक किया गया।
इसके उपरांत धनबाद कोचिंग डिपो परिसर में अपर मंडल रेल प्रबंधक, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों एवं सदस्यों द्वारा सामूहिक पौधारोपण किया गया। साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंतर्गत आयोजित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता के विजेता स्कूली बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल के फ्रंटलाइन स्वच्छता योद्धाओं (सफाई कर्मियों) को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उपहार वितरित किया गया।
विभिन्न स्टेशनों एवं परिसरों में व्यापक पर्यावरण जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। धनबाद मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी सतत एवं दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। साइकिल रैली, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मंडल ने ‘हरित रेलवे’ के लक्ष्य को साकार करने तथा कार्बन फुटप्रिंट को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।