सड़क पर रखी गिट्टी के कारण 35 वर्षीय युवक की गई जान
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद): शंकरडीह- कंचनडीह सड़क पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेतना महाविद्यालय सहराज के पास सोमवार को बाइक से गिरकर एक युवक की जान चली गई। सड़क पर रखी गिट्टी से उसकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उसकी नाक और माथे पर गंभीर चोट लगी। इस घटना में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया सूचना पाकर गोविंदपुर थाना के अवर निरीक्षक सुमन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और उसे शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक संख्या जेएच 10 यू 2969 पर निरसा थाना क्षेत्र के चंदरायडीह, भालपहाड़ी का लगभग 35 वर्षीय युवक बिना हेलमेट के तेज रफ्तार से शंकरडीह की ओर आ रहा था। इसी क्रम में चेतना महाविद्यालय के समीप सड़क पर पड़े गिट्टी से बाइक का चक्का अनियंत्रित हो गया और सड़क पर रगड़ाते हुए दूर जाकर गिरा। घटना में युवक का नाक बुरी तरह कट गया और माथे पर भी गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। स्थानीय लोगों ने सहराज मुखिया प्रतिनिधि हकीमुद्दीन अंसारी को सूचना दी। इसके बाद गोविंदपुर पुलिस की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया । मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है ।उसके नाम का पता नहीं चल पाया है । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।