हाथियों से सुरक्षा के लिए जंगल में सोलर सिस्टम से करंट बैरिकेडिंग होगा : मथुरा

Advertisements

हाथियों से सुरक्षा के लिए जंगल में सोलर सिस्टम से करंट बैरिकेडिंग होगा : मथुरा

 

टुंडी वन कार्यालय में वन संरक्षण एवं वन्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

डीजे न्यूज

टुंडी, धनबाद : वन कार्यालय परिसर टुंडी में सोमवार को वन संरक्षण एवं वन्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, पीसीसीएफ झारखंड संजीव कुमार, आरसीसीएफ बोकारो श्री पाण्डेयन सर और वन प्रमंडल पदाधिकारी धनबाद विकास पालीवाल उपस्थित थे। सहायक वन संरक्षक सह वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी टुंडी अजय कुमार मंजुल ने सभी अतिथियों को बुके देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में विभिन्न परिसंपत्तियों का वितरण किया गया तथा वन क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों के बीच जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल ने कहा कि वन विभाग का चहुंमुखी विकास स्थानीय विधायक की देन है, जिससे वन भूमि में कई कार्य धरातल पर उतरे हैं। पीसीसीएफ संजीव कुमार ने कहा कि वन विभाग पानी संचय के लिए चेकडैमों का निर्माण करा रहा है और हाथियों को चारा उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर बांस रोपण किया जाएगा। तसर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए भी वृक्षारोपण किया जा रहा है।

मुख्य अतिथि विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि वन की रक्षा मानव जीवन के लिए अति महत्वपूर्ण है और वर्तमान सरकार वन की सुरक्षा-विकास के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने हाथियों से सुरक्षा के लिए जंगल में सोलर सिस्टम से करंट बैरिकेडिंग कराने की बात कही, ताकि हाथी गांव में प्रवेश न कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान वनरक्षियों को 10 मोटरसाइकिल, हेलमेट, रेनकोट, टॉर्च, जूता वितरित किए गए। वन एवं पहाड़ी क्षेत्रों के ग्रामीणों के बीच 40 सोलर लालटेन, 25 उन्नत चूल्हा, मशालची टीमों को 50 मशाल, 25 टॉर्च, कैम्पर, एसबीओ किट तथा दो महिन्द्रा पिकअप वैन का वितरण किया गया। इसके बाद कमलपुर जंगल में वृक्ष बंधन कार्यक्रम हुआ। अंत में अतिथियों ने लोधरिया वन परिसर में निर्माणाधीन अतिथि भवन का मुआयना किया।

मंच संचालन एसीएफ ए के मंजुल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। मौके पर विधायक के निजी सचिव बसंत कुमार महतो, मदन महतो, प्रभारी फॉरेस्टर ओमप्रकाश कुमार, प्रकाश टुडू, गोविंद मिस्त्री, पूर्णचंद्र महतो, संतोष दत्त समेत सभी वनकर्मी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top