रजिस्ट्रेशन के 3 और रिन्यूअल का 1 आवेदन अस्वीकृत

रजिस्ट्रेशन के 3 और रिन्यूअल का 1 आवेदन अस्वीकृत

कमियों को दूर करने के लिए अल्ट्रासाउंड सेंटरों को 20 नवंबर तक का समय

20 नवंबर से 1 दिसंबर तक होगा निरीक्षण, रेट चार्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य

डीजे न्यूज, धनबाद: पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक शुक्रवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई।

बैठक के दौरान जिले में नए रजिस्ट्रेशन के लिए प्राप्त 18 आवेदनों तथा रिन्यूअल के लिए प्राप्त 17 आवेदनों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में निर्धारित मानकों में कमी पाए जाने पर नए रजिस्ट्रेशन के 3 आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया। जबकि रिन्यूअल के लिए प्रस्तुत 17 आवेदनों में से एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के आवेदन को नियमों की अनदेखी के चलते निरस्त किया गया।

रिन्यूअल संबंधी अन्य मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नवीनीकरण से पूर्व संबंधित सभी सेंटरों को नोटिस जारी करें और पाई गई कमियों को दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों को आगामी 20 नवंबर तक अपनी सभी कमियों को अनिवार्य रूप से दूर करना होगा। इसके पश्चात 20 नवंबर से 1 दिसंबर तक इन सभी सेंटरों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट में कमियों के समाधान की पुष्टि होने के बाद ही आगामी बैठक में रिन्यूअल पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

उपायुक्त ने समिति को जिले के सभी अल्ट्रासाउंड क्लिनिकों का नियमित एवं औचक निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी क्लीनिकों में जांच दरों से संबंधित ‘रेट चार्ट’ आम जनता के अवलोकनार्थ प्रमुखता से प्रदर्शित करने का सख्त निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, डॉ. विकास राणा, डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. राकेश इंदर सिंह, एपीपी सत्येंद्र कुमार राय, नीता सिन्हा, पूजा रत्नाकर एवं सीएस कार्यालय के आर.के. श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top