राज्य कर्मियों के लिए बड़ी पहल: इंडियन बैंक से समझौता, वेतन खाते और NHM कर्मियों को मिलेगा विशेष लाभ
डीजे न्यूज, रांची : झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में वित्त विभाग, झारखंड सरकार और इंडियन बैंक के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए वेतन खाता पैकेज तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मियों के लिए वेतन खाता और एचआरआईएस पैकेज लागू किया जाएगा।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं, वित्तीय सुरक्षा और आधुनिक डिजिटल सेवाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान दो प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जिनका सीधा लाभ विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हजारों कर्मियों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार और इंडियन बैंक के बीच यह समझौता एक नई शुरुआत है, जो कर्मचारियों, खासकर स्वास्थ्य कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी कठिन परिस्थितियों में जोखिम उठाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, इसलिए उनकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे संकट के समय स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका बेहद अहम रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विशेष बैंकिंग पैकेज से कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक मजबूती से अपने कार्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
उन्होंने बैंकों की भूमिका को राज्य के समावेशी विकास में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भविष्य में डिजिटल व्यवस्था के विस्तार के साथ बैंकिंग सेवाओं का दायरा और बढ़ेगा, जिससे आम लोगों और श्रमिक वर्ग को भी लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव प्रशांत कुमार तथा इंडियन बैंक के एमडी-सीईओ बिनोद कुमार सहित कई गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित थे।