राजगंज की खबरें:-
डोमनपुर में सड़क हादसे में युवक की मौत,
परिजनों को मिला 9 लाख मुआवजा
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के डोमनपुर के पास शुक्रवार रात कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दुलाल कुम्हार (28 वर्ष) की मौत हो गई। मृतक तोपचांची के दया बांसपहाड़ का निवासी था। वह महेशपुर स्थित पाइप फैक्ट्री में कार्यरत था।
वह बरवाअड्डा के शाहपुरा से शादी समारोह से लौट रहा था, तभी सर्विस रोड पर हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुम्भकार एवं सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी भी धरने पर बैठे।
वार्ता के बाद मृतक के परिजनों को 9 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी फूल कुमारी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
——————————————
संत मैथ्यूज हाई स्कूल में रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती मनी
राजगंज: संत मैथ्यूज हाई स्कूल में शनिवार को मदर्स-डे एवं गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई गई।
नर्सरी से कक्षा दसवीं तक की छात्राओं ने महिला शिक्षिकाओं के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। “वृक्ष – मातृत्व का प्रतीक” विषय पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और मातृ-प्रेम का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए कार्ड, पोस्टर एवं ड्राइंग बनाकर तथा भाषण और कविताएं प्रस्तुत कर अपने भाव व्यक्त किए।
इसके बाद गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती मनाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य राहुल कुमार दे ने विद्यार्थियों को गुरुदेव के साहित्य, संगीत और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की जानकारी दी।
सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
—————————————–
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके डॉक्टर दंपति को किया सम्मानित
राजगंज: बिरसा मुंडा शिशु निकेतन, सालदाहा परिसर में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके होम्योपैथी विशेषज्ञ डॉक्टर जी.एल. प्रसाद एवं डॉक्टर मनीषा प्रसाद को सम्मानित किया गया। विद्यालय के निदेशक सह प्राचार्य धनंजय प्रसाद महतो ने दोनों चिकित्सकों को मोमेंटो, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
यह सम्मान उन्हें ब्रिटिश पार्लियामेंट एवं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित वर्ल्ड होम्योपैथी समिट सीजन-4 में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला।
इस अवसर पर डॉक्टर दंपति ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्ची लगन और मेहनत से कोई भी छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकता है।
कार्यक्रम में बागदाहा पंचायत के मुखिया बाबूलाल महतो ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में डॉक्टर दंपति की पहल सराहनीय है और आज उनका कार्य विश्व पटल पर दिखाई दे रहा है। वहीं विद्यालय के सचिव मनसा राम मुर्मू ने कहा कि धनबाद जैसे छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा की बात है।
मौके पर उपनिदेशक अघनू रवानी, उप-प्राचार्य बरुण कुमार महतो सहित विद्यालय के कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।