रैयती जमीन पर ओबी डंपिंग का विरोध, ग्रामीणों ने परिवहन कार्य किया ठप
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): सिनीडीह कटहल धौड़ा के ग्रामीणों ने रैयती जमीन पर ओबी डंपिंग करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को महेशपुर कोलियरी में संचालित श्रीइंफ्रा आउटसोर्सिंग कंपनी का ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप कर दिया। आंदोलन के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं ।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल प्रबंधन बिना कोई नियोजन व मुआवजा दिए, रात के अंधेरे में जबरन उनकी निजी जमीन पर ओबी डंप कर रहा है। इसके कारण उनकी जमीन का एक बड़ा हिस्सा मलबे से भर चुका है। ग्रामीणों ने कहा कि वे जमीन के बदले नियोजन और उचित मुआवजे को लेकर कई बार प्रबंधन को लिखित आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डंपिंग साइट पर ही ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। प्रबंधन की ओर से महेशपुर कोलियरी के पीओ (परियोजना पदाधिकारी) कामता सिंह और मैनेजर नारायण हांसदा उपस्थित थे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया। उन्होंने रैयतों से जमीन से संबंधित जरूरी कागजात जमा करने को कहा और स्पष्ट आश्वासन दिया कि जब तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकल जाता, तब तक रैयतों की जमीन पर ओबी डंपिंग का कार्य पूरी तरह से बंद रहेगा। इस सकारात्मक आश्वासन के बाद लगभग दो घंटे से जारी गतिरोध समाप्त हुआ और ट्रांसपोर्टिंग कार्य दोबारा शुरू हो सका। मालूम हो कि इससे पहले बुधवार की दोपहर को भी महेशपुर के रैयतों ने अपनी मांगों को लेकर आउटसोर्सिंग का ट्रांसपोर्टिंग कार्य बंद करा दिया था। उनकी मांग थी कि निजी जमीन से बिजली के तार और पोल हटाए जाएं और स्थानीय युवकों को रोजगार दिया जाए। गुरुवार की सुबह प्रबंधन के सकारात्मक आश्वासन के बाद ही यह मामला शांत हुआ ।