पुलिस लाइन में लगी अपराधियों की हाजिरी, अपराधिक गतिविधि से दूर रहने की ली शपथ
एसएसपी ने कहा— सुधर जाएं, वरना अगला ठिकाना जेल
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद पुलिस ने गुरुवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के चिन्हित दागी अपराधियों की सामूहिक परेड पुलिस लाइन में कराई। इस दौरान सैकड़ों अपराधियों की हाजिरी ली गई, उनकी पहचान का सत्यापन किया गया और उनके वर्तमान रहन-सहन, व्यवसाय तथा गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
परेड के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया कि यह सुधारने का आखिरी अवसर है। यदि इसके बाद भी कोई अपराध की राह पर लौटता है तो उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों को समाज की मुख्यधारा से जुड़ने, अपने परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस ने गंभीर आपराधिक इतिहास वाले दागियों को विशेष निगरानी सूची में शामिल करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने साफ कहा कि रंगदारी, हत्या, लूट, मारपीट, अवैध वसूली, भूमि कब्जा, अवैध कारोबार और हथियारों के प्रदर्शन जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के लिए अब धनबाद में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों की हाजिरी लेना नहीं, बल्कि उनके मन में कानून का स्थायी भय पैदा करना और संभावित अपराधों को होने से पहले ही रोकना है। झारखंड में अपनी तरह की इस पहली पहल के जरिए धनबाद पुलिस ने साफ कर दिया है कि अब अपराधियों को पहले चेतावनी मिलेगी, लेकिन दोबारा कानून तोड़ने पर सीधे जेल की राह तय होगी। पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।