
डीजे न्यूज, बंदगांव(पश्चिमी सिंहभूम) : बंदगांव थाना में सरहुल एवं रामनवमी त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में थाना प्रभारी दुर्गा शंकर मंडल की अध्यक्षता में विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सरहुल पर्व 4 अप्रैल को पूजा के साथ मनाया जाएगा, इसके बाद गांव के पाहन घर-घर जाकर फूलखोसी करेंगे। 5 अप्रैल को बंदगांव लुम्बई से शोभा यात्रा निकाली जाएगी। रामनवमी 6 अप्रैल को मनाई जाएगी, जिसमें रामनवमी का जुलूस निकाला जाएगा।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने रामनवमी और सरहुल जुलूस के दौरान बैरिकेडिंग, आवागमन का रूट डायवर्ट, अतिरिक्त पुलिस बल, चिकित्सा व्यवस्था, महिला पुलिस बल सहित अन्य सुविधा की मांग की। सरहुल शोभा यात्रा के दिन चलंत टायलेट की मांग भी की गई। बीडीओ रिचा क्रिस्टिना ने कहा कि त्योहार को शांति पूर्वक मनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नशापान करते हुए पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाट्सअप ग्रुप में आपत्तिजनक पोस्ट करने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने सभी धर्मों को उचित मान-सम्मान देने की बात कही और अनावश्यक टिप्पणी न करने की अपील की। उन्होंने थाना प्रभारी को जुलूस में पुलिस बल तैनात रखने की बात कही। इस मौके पर मुखिया करम सिंह मुंडरी, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष रमेश सिंह, झामुमो नेता विवेक सिंह विक्की, राजेन्द मछुआ, लक्ष्मी नारायण सिंहदेव, रमेश्वर मछुआ, ग्रामीण मुंडा बुधुआ मुंडा, जदुराय मुंडरी, डॉ पीके विस्वास समेत अन्य उपस्थित थे। बैठक में बीडीओ रिचा क्रिस्टिना एवं सीओ भीकम कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।