
पर्यावरण सुरक्षा व जल संरक्षण को लेकर तिसरी में जागरूकता रथ रवाना
डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : पर्यावरण सुरक्षा और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सवेरा फाउंडेशन द्वारा बुधवार को जागरूकता रथ निकाला गया। तिसरी के सीओ अखिलेश प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर इसे प्रखंड सह अंचल कार्यालय से रवाना किया। यह रथ तिसरी प्रखंड के लगभग 40 गांवों का दौरा करेगा और नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संदेश देगा।
पेड़ों की कटाई और जल संकट को लेकर चिंता
बताया गया कि तिसरी प्रखंड के जंगलों में पेड़ों की बेतहाशा कटाई हो रही है, जिससे पर्यावरण पर खतरा मंडरा रहा है और जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण की कमी के कारण हर साल जल संकट गहराता जा रहा है। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सवेरा फाउंडेशन ग्रामीणों को वन संरक्षण और जल बचाने के प्रति जागरूक कर रहा है।
वन विभाग का सहयोग, ग्रामीणों को मिलेगा वनपट्टा की जानकारी
इस अभियान में वन विभाग भी सवेरा फाउंडेशन का सहयोग कर रहा है। रथ के माध्यम से ग्रामीणों को वनपट्टा मिलने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें और जंगलों को संरक्षित करने में सहयोग दें।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर तिसरी के मुखिया किशोरी साव, संस्था के जयराम प्रसाद, प्रभारी वनपाल अभिमित राज, अक्षय सिन्हा, गौतम कुमार सहित सवेरा फाउंडेशन के कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और लोगों से पर्यावरण और जल संरक्षण में योगदान देने की अपील की।