परीक्षा देने जा रहे छात्र की बाइक डिवाइडर से टकराई, मौत
राजगंज के दलदली निवासी राम नारायण चौधरी का पुत्र था नितेश, आरएस मोर कॉलेज गोविंदपुर जाने के क्रम में हुआ हादसे का शिकार
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय धनबाद के सत्र 2025-29 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देने सोमवार को आरएस मोर कॉलेज परीक्षा देने आ रहे बाइक सवार एक छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान नितेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है। वह राजगंज थाना क्षेत्र के दलदली गांव निवासी राम नारायण चौधरी का पुत्र था।
राजगंज डिग्री कॉलेज के प्रथम सेमेस्टर का छात्र नितेश आरएस मोर कॉलेज में दोपहर दो बजे से होने वाली परीक्षा में शामिल होने बाइक से आ रहा था। तेज रफ्तार के कारण बाइक कौआबांध के निकट जीटी रोड के डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना विभत्स था कि छात्र की मौत मौके पर ही हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत एवं एसआई बिरजू राम घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया। रामनारायण सिंह चौधरी प्राइवेट फॉर्म में काम करते हैं। उनके दो पुत्र हैं। बड़े पुत्र राहुल सिंह चौधरी भी प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। नितेश चौधरी का यज्ञोपवित संस्कार विगत 22 अप्रैल को हुआ था। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष थी। उसकी शादी की बात भी करीब करीब तय हो गई थी परंतु इस घटना से सारी योजना धरी की धरी रह गई। सोमवार शाम हो जाने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब मंगलवार को पोस्टमार्टम होगा। इस घटना से पूरा दलदली गांव मर्माहत है। बताया जाता है कि हाई स्पीड के कारण यह घटना हुई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस ने कांड अंकित किया है पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को नितेश कुमार चौधरी का शव परिजनों को सौंपा जाएगा।