प्रधानमंत्री आवास योजना में छूटे पात्र परिवारों को राहत, 16 सितंबर तक आपत्ति-अपील का मौका
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत Awaas Plus 2024 सर्वेक्षण से तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्राम सभा स्तर पर सूची से बाहर किए गए पात्र परिवारों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है। ऐसे परिवार 1 सितंबर से 16 सितंबर 2026 तक जिला स्तरीय अपीलीय समिति के समक्ष आपत्ति या अपील दाखिल कर सकते हैं।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया है। AwaasSoft के जिला स्तरीय लॉगिन पर स्वीकृत एवं अस्वीकृत लाभुकों की सूची उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि संबंधित परिवार सूची में अपनी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिला स्तरीय अपीलीय समिति प्राप्त आपत्तियों और अपीलों की निर्धारित प्रावधानों के तहत समीक्षा करेगी। समीक्षा में यदि कोई अस्वीकृत परिवार योजना के लिए पात्र पाया जाता है, तो समिति की अनुशंसा के आधार पर उसका नाम अंतिम स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम स्थायी प्रतीक्षा सूची प्रकाशित होने के बाद किसी भी स्तर पर अतिरिक्त संशोधन की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में पात्र परिवारों से निर्धारित अवधि के भीतर ही अपनी आपत्ति या अपील प्रस्तुत करने की अपील की गई है।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को ग्राम सभा से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन की रिपोर्ट समय पर जिला स्तर पर उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।