प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हर व्यक्ति की जिम्मेदारी, जन्मदिन पर वृक्षारोपण करें छात्र : डॉ इंद्रजीत
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : डिग्री कॉलेज टुंडी में बुधवार को बिरसा मुंडा सभागार में प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार के निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय ‘पृथ्वी दिवस’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भौतिक विज्ञान विभाग के प्रो प्रीतम कुमार सिंह के स्वागत वक्तव्य से हुई। उन्होंने पृथ्वी दिवस के इस वर्ष के थीम ‘हमारा ग्रह हमारी शक्ति’ पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता राजनीति विज्ञान विभाग की प्रो कुसुम रानी ने पृथ्वी दिवस के महत्व को विस्तार से समझाते हुए विभिन्न वैश्विक संगठनों द्वारा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जन्मदिन के अवसर पर वृक्षारोपण करें और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की छात्रा रानी हेम्र्बम ने एक प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ रानी सिंह द्वारा किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।