पूर्व विधायक शाहाबादी के आवास के पास से बड़ी चोरी

Advertisements

पूर्व विधायक शाहाबादी के आवास के पास से बड़ी चोरी

पांच लाख के जेवर और नगदी ले उड़े अपराधी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शहर के मकतपुर डॉक्टर्स लेन स्थित पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी के आवास के समीप एक घर में शनिवार देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने घर से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी निखिल कुमार उर्फ गोलू अपनी पत्नी के साथ रात में सोने के लिए दूसरे घर चले गए थे। रविवार रात जब वे वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। इसके बाद अंदर जाने पर कमरे का गेट भी टूटा पाया गया और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

चोरों ने अलमारी, बक्सा और पलंग के स्टोरेज को तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद, लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन तथा गुल्लक में रखे पैसे चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए। फिलहाल पुलिस चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है। शहर के बीचों-बीच हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top