पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने झामुमो-कांग्रेस पर साधा निशाना
झारखंड में जंगलराज कायम है: अमर बाउरी
छात्रों के आंदोलन में कांग्रेस का किरदार बहरूपिए का: पूर्व मंत्री
डीजे न्यूज, धनबाद: गिरिडीह और हजारीबाग में छात्रों के द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला फूंके जाने के विरोध में हुई बर्बर मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि झारखंड में जंगलराज कायम है। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में सरकार के लोगों की संलिप्तता साबित होने के बाद भी छात्रों के साथ छल किया गया। पूर्व मंत्री ने भाजपा जिला कार्यालय में शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन ने षडयंत्र रच कर छात्रों को छलने का काम किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर झामुमो के गुंडों ने जिस तरह गिरिडीह और हजारीबाग में छात्रों के साथ मारपीट की है, वह सरकार की गलत नीतियों को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को स्वीकार करना चाहिए कि उनके लोगों ने मारपीट की है, या फिर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें।
अमर बाउरी ने कहा, “पूरे झारखंड में भ्रष्ट सरकार चल रही है। पूरा तंत्र छात्रों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रहा है। राहुल गांधी संविधान की दुहाई देते हैं, पर छात्रों पर लाठियां चलवाते हैं। भाजपा जल्द ही झामुमो की सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी।”
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस झारखंड में छात्रों के आंदोलन में बहरूपिए का किरदार निभा रही है और भोले-भाले छात्रों को बेवकूफ बना रही है।
अमर बाउरी ने बीसीसीएल के सीएमडी पर हुए झूठे मुकदमे का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने कोयले की चोरी पर सख्ती की, इसी वजह से बीसीसीएल सीएमडी पर झूठा मुकदमा करवाया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि झामुमो सरकार सीबीआई जांच से क्यों डर रही है। सीबीआई जांच की मांग को लेकर आम लोगों को आगे आना चाहिए। भाजपा राज्य सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करेगी।