पीएम श्री विवेकानंद सेवाश्रम विद्यालय को मिला राष्ट्रीय पहचान, झारखंड के 24 चयनित स्कूलों में शामिल

पीएम श्री विवेकानंद सेवाश्रम विद्यालय को मिला राष्ट्रीय पहचान, झारखंड के 24 चयनित स्कूलों में शामिल

राष्ट्रीय शिक्षा नीति की पांचवीं वर्षगांठ पर टुंडी में भव्य कार्यक्रम

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सफल क्रियान्वयन की पांचवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंगलवार को टुंडी प्रखंड मुख्यालय से सटे पीएम श्री विवेकानंद सेवाश्रम मध्य विद्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर टुंडी विधायक सह मुख्य सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय और अंचलाधिकारी जितेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से स्मृति पट्ट एवं जादुई पिटारा का उद्घाटन किया।

इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने कहा कि अखिल भारतीय शिक्षा समागम 2025 के लिए झारखंड से जिन 24 सर्वोत्कृष्ट पीएम श्री विद्यालयों का चयन हुआ है, उनमें टुंडी का यह विद्यालय भी शामिल है। यह न केवल टुंडी प्रखंड, बल्कि संपूर्ण धनबाद जिले के लिए गौरव की बात है। इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत देशभर में हो रहे परिवर्तनों और उपलब्धियों को साझा किया गया। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी विद्यालय में किया गया, जिसमें शिक्षा मंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित संदेश को छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने लाइव देखा और सुना। यह पल विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। समारोह में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनंत शक्ति, सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक पाठक, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, सभी शिक्षकगण, अभिभावक तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top