पीएम मातृत्व वंदना योजना में लाएं तेजी : उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रखंडवार प्रगति, लाभुकों के पंजीकरण, आधार सीडिंग, एनपीसीआई मैपिंग, फेस ऑथेंटिकेशन, सत्यापन, स्वीकृति, भुगतान और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा में बताया गया कि जुलाई की तुलना में अगस्त तक योजना के तहत लाभुकों के नामांकन और स्वीकृत मामलों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। हालांकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी प्रखंडों को और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आधार और बैंक खाते की सीडिंग, एनपीसीआई मैपिंग, फेस ऑथेंटिकेशन सहित सभी लंबित तकनीकी प्रक्रियाओं का जल्द निष्पादन किया जाए। साथ ही कम प्रगति वाले प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड फॉलोअप और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र महिलाओं को योजना से जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में सहायक समाहर्त यश कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर सहित विभागीय एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।