पीड़ित परिवारों को एक माह में मिलेगा शेष मुआवजा : महाप्रबंधक अनिल सिन्हा
सांसद ढुलू महतो की पहल पर हुई वार्ता, तीनों पीड़ित परिवारों को तत्काल मिला 50-50 हजार रुपये
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : सांसद ढुलू महतो की पहल पर 10 सितंबर 2025 को लोदना चार नंबर में मकान गिरने से हुई तीन मौतों के मामले में मुआवजे की शेष बकाया राशि को लेकर क्षेत्र संख्या 10 के महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र प्रसाद, यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन असंगठित मोर्चा के सूरज भूईया, अरुण भूईया, धीरेंद्र कुमार पासवान, मुन्ना वर्मा, दासों मिस्त्री ने क्षेत्र संख्या 10 के महाप्रबंधक अनिल सिन्हा एवं लोदना क्षेत्र के एजेंट शांतनु सिल्क और अनिल कुमार से वार्ता की।
बैठक के दौरान पीड़ित परिजनों मृतक गोपाल मिस्त्री की पत्नी प्रियंका देवी, मृतक सुषमा कुमारी की माता नीलम देवी तथा मृतक चिराग पासवान के भाई सचिन पासवान को 50-50 हजार रुपये नगद दिए गए। शेष मुआवजा राशि के भुगतान के लिए प्रबंधन ने एक माह का समय मांगा।
इस दौरान पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने औपबंधिक नियोजन एवं मृतकों के बच्चों के डीएवी विद्यालय बनिया हीर में नामांकन की व्यवस्था अब तक नहीं होने पर नाराजगी जताई और इसे अविलंब पूरा करने की मांग की।
इस पर महाप्रबंधक अनिल सिन्हा ने आश्वासन दिया कि यह प्रक्रिया लिखित रूप में है और प्रबंधन इसके लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।