अनाथ विद्यालय के तीन छात्रों ने प्रथम श्रेणी से पास की 10वीं परीक्षा , विधायक मथुरा समेत विभिन्न संगठनों ने दी बधाई
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : अनाथ विद्यालय पोखरिया के तीन विद्यार्थियों ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC)10वीं परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और लगन को दर्शाती है, बल्कि विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण और मार्गदर्शन को भी उजागर करती है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्रों ने कठिन परिश्रम कर यह मुकाम हासिल किया, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। अनाथ विद्यालय के संस्थापक सह विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने बताया कि इस वर्ष पहली बार विद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने जैक 10वीं की परीक्षा दी थी जिसमें तीनों ने ही प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल किया है। सफल होने वालों में आरती कुमारी(77.2%),दीपक महतो(76%) व अनिल हांसदा(67.2%) शामिल है। इनकी सफलता पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो समेत विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।