पायल की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होगी : मंत्री
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, होगी सख्त कार्रवाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया में 20 मई की सुबह पायल कुमारी के संदिग्ध मौत मामले ने पूरे जिले में भारी रोष और शोक की लहर दौड़ा दी है। राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पीड़ित परिवार से मिलने रविवार की सुबह सिरसिया पहुंचे और उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान महापौर प्रमिला मेहरा भी उनके साथ मौजूद रहीं।
मंत्री सोनू ने परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया और घटना को अत्यंत दुखद व चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि सिरसिया पुराने पुल के नीचे युवती का शव मिलने की खबर से न केवल गांव बल्कि जिले भर के लोग स्तब्ध हैं। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष तथा उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रमिला मेहरा ने भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि शहर की जनता इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। महापौर ने प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने तथा दोषियों को दंडित करने की मांग उठाई। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। गाँव में अभी भी मातम और गुस्से का माहौल कायम है, ग्रामीणों ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जांच जारी है और विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन तथा संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी की आधिकारिक गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। जिलेवासी मामले पर नजर बनाए हुए हैं और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।