पानी-बिजली संकट के निदान को सड़क पर उतरे नागरिक कतरास-मलकेरा मुख्य सड़क को किया जाम

Advertisements

पानी-बिजली संकट के निदान को सड़क पर उतरे नागरिक

कतरास-मलकेरा मुख्य सड़क को किया जाम

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): इस भीषण गर्मी में पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे
वार्ड नंबर 5 के नागरिक गुरुवार को आंदोलन पर उतर आए और मलकेरा-कतरास मुख्य सड़क को लकड़का मोड़ के पास जाम कर दिया। सड़क जाम के चलते यातायात अवरूद्ध हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इस जाम में स्कूल बसों समेत दर्जनों छोटे-बड़े वाहन फंस गए, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आंदोलनकारियों का कहना था कि बीते चार दिनों से छाताबाद 4 नंबर, 16 नंबर, कटहल धौड़ा, लकड़का बस्ती, छाताबाद दो नंबर में बिजली प्रभावित है। बिजली नहीं रहने के कारण पानी की आपूर्ति भी बाधित है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रही पार्षद निरुपमा  देवी ने बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यहाँ की जनता वर्षों से पानी और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी आज तक कोई समाधान नहीं निकला। मजबूरन जनता को अपनी मांगों के लिए सड़क पर उतरना पड़ा है।
पार्षद ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विभाग और प्रबंधन ने अपना अड़ियल रवैया नहीं बदला और जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं किया तो यह आंदोलन और उग्र होगा। प्रबंधन अपने रवैया को सुधारे और जनता को उनका हक दें।
घंटों बाद चैतुडीह कोलियरी प्रबंधन के साथ आंदोलनकारियों के प्रतिनिधि की वार्ता हुई। वार्ता में तत्काल बिजली बहाल करने और ट्रांसफॉर्मर का क्षमता बढ़ाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद आंदोलनकारी अपने-अपने घर गए। दोपहर करीब पौने एक बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top