पैसे की लालच में सगे भाई को मार डाला था, अब दोनों भाइयों की पत्नी समेत जेल में कटेगी जिंदगी
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव का है मामला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सेवानिवृत्ति के पैसों को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की हत्या के मामले में अदालत ने मृतक के दो सगे भाइयों और उनकी पत्नियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
जिला जज तृतीय हरिओम कुमार की अदालत ने गुरुवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सेंट्रलपीठ निवासी कारू यादव, सुखदेव यादव उर्फ गोलू यादव, बुंदिया देवी एवं अनिता देवी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
साथ ही सभी दोषियों को जुर्माना राशि जमा करने का भी आदेश दिया गया है।
सजा के बिंदु पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता दीपक कुमार ने न्यूनतम सजा देने की अपील की, जबकि एपीपी एस मरांडी ने कड़ी सजा की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने चारों को आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया।
यह मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव का है। मामले के सूचक दिनेश कुमार यादव ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि मृतक राजकुमार यादव उनके पिता थे। अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता मनोज कुमार सिंह के अनुसार, राजकुमार यादव बीसीसीएल में कार्यरत थे और सेवानिवृत्त हो चुके थे। सेवानिवृत्ति के पैसों को लेकर भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में 29 जुलाई 2021 को बेंगाबाद थाना से घर लौटने के दौरान आरोपियों ने राजकुमार यादव के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
इस हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपियों का ट्रायल अभी अलग से चल रहा है। अदालत ने इस मामले में 29 अप्रैल को ही दोष सिद्ध करते हुए फैसला सुनाया था।