पाइप क्षतिग्रस्त होने से तीन साल से बंद है कदैया जलापूर्ति योजना 

Advertisements

पाइप क्षतिग्रस्त होने से तीन साल से बंद है कदैया जलापूर्ति योजना

 

समीक्षा बैठक में बीडीओ के समक्ष मुखियों ने बताई सच्चाई, बीडीओ ने रिपोर्ट सौंप तीन दिनों में चालू करने के दिए निर्देश

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : प्रखंड मुख्यालय टुंडी में सोमवार को जल सेवा आकलन के तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय की अध्यक्षता में कदैया जलापूर्ति योजना को चालू करने के लिए आवश्यक बैठक हुई। इसमें संबंधित पंचायत के मुखिया, जलसहिया, वार्ड, पंचायत सेवक और विभाग से संबंधित कर्मी गण उपस्थित थे।

बैठक में मुखियों ने एक स्वर से कहा कि यह योजना पिछले तीन साल से बंद है। इसका कारण पाइक का क्षतिग्रस्त होना है। बताया कि सड़क निर्माण के कारण पाइप क्षतिग्रस्त है। कदैया के मुखिया ने बताया कि इस योजना को चालू करने के लिए कम से कम छह कर्मी एवं ब्लीचिंग पाउडर की जरूरत है। कुल मिलाकर इसके रख-रखाव के लिए प्रति महीने से साठ से पैंसठ हजार रुपये की जरूरत है। राजाभीठा की मुखिया अनिता देवी ने बताया कि गांव में पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इस कारण पानी की आपूर्ति बाधित है।

बैठक में मुखियों, पंचायत सेवक एवं जल सहिया ने बताया कि बरसाती नदी के पानी पर निर्भर है। ये नदियां गर्मी में दो-तीन महीने सूख जाते हैं। इस कारण, उस अवधि में पानी आपूर्ति बंद रहता है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडेय ने कनीय अभियंता को निर्देश देते हुए कहा है कि तीन दिनों के अंदर योजना में आई खराबी का रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंप दें और कदैया ग्रामीण जलापूर्ति योजना को चालू करें। बैठक में मुखियों और जलसहियों ने बताया कि तकनीकी खराबी दूर कर योजना चालू कर दें तो ग्रामीणों से जलकर राशि वसूली की जाएगी। इससे ग्रामीण जलापूर्ति योजना का रखरखाव कार्य ठीक से हो पाएगा। बैठक में राजाभीठा की मुखिया अनिता देवी, कदैया के मुखिया मो. अजीमुद्दीन अंसारी, कनीय अभियंता विकास कुमार, प्रखंड कोर्डिनेटर प्रेम कुमार सिन्हा, श्रीपति मरांडी,बबिता देवी, रूबिना खातुन, रेखा देवी, पकुआ देवी, खिरिया देवी, शकीना खातुन, तमन्ना बीबी आदि मौजूद थीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top