ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन सख्त, आठ वाहन जब्त¦

Advertisements

ओवरलोड वाहनों पर प्रशासन सख्त, आठ वाहन जब्त¦

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संतोष कुमार ने किया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 8 ओवरलोड वाहनों को जब्त किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र से 2, निमियाघाट थाना क्षेत्र से 3 तथा बगोदर थाना क्षेत्र से 3 ओवरलोड वाहनों को पकड़ा गया। जांच के दौरान परिवहन नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। इससे न केवल सड़क एवं पुल-पुलियों को नुकसान पहुंचता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। प्रशासन सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों एवं परिवहन व्यवसायियों से निर्धारित मानकों का पालन करने और ओवरलोडिंग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के प्रति जागरूक करना भी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top