भगवान जो करते हैं अच्छा करते हैं : मनीष कृष्ण महाराज
बरमसिया में श्रीराम कथा के चौथे दिन श्रोताओं की उमड़ी भीड़
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर के बरमसिया में अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक मनीष कृष्ण महाराज जी का प्रवचन चल रहा है। श्रीराम कथा महोत्सव के चौथे दिन महाराज जी ने श्रीराम के वन गमन, केवट से मिलन, नाव से गंगा पार होने, भरत मिलन, सुपर्णखा संवाद का भावपूर्ण प्रवचन किया। श्रीराम कथा के बीच भजनों की बरसात से भी श्रोताओं ने खूब आनंद लिया। महाराज जी ने सुनो सुनो सरकार मेरा यही रोजगार, कल होंगे राजा राम, बरसाने की छोरी, राधा गोरी गोरी, रामा रामा रटते रटते बीती रे उमरिया जैसे कई भजन सुनकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शनि महाराज के साथ रावण और हनुमान जी के प्रसंग को सुनकर श्रोतागण भक्ति के सागर में डूबते रहे। इसी दौरान महाराज जी ने, भगवान जो करते हैं अच्छा करते हैं। एक प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा, एक राजा थे, जो पहली बार चाकू से एक फल काट रहे थे तो उनकी एक उंगली कट गई। उनके मंत्री ने कहा, भगवान जो करते हैं अच्छा करते हैं। राजा को गुस्सा आ गया, मंत्री को जेल में डलवा दिया। एक बार एक जगह राजा फंस गए। उनकी बलि दी जानी थी, तभी पुजारी ने कहा, देखो तो कहीं कोई नुक्स तो नहीं। राजा के शरीर का मुआयना किया गया तो उनकी कटी हुई दिखी। पुजारी ने बलि देने से मना कर दिया। उंगली कटी होने की वजह से राजा की जान बच गई। मंत्री को जेल से बाहर निकलवाया गया। मंत्री ने भी कहा देखे न राजा साहब, यदि आप मुझे जेल में न डलवाते तो मैं आपके साथ होता और आपकी जब बलि नहीं हुई तो फिर मेरी हो जाती। इसलिए भगवान जो करते हैं, अच्छा ही करते हैं। अंत में आरती के साथ कथा का समापन हुआ।
इस रामकथा के दौरान शहर के प्रबुद्ध श्रोताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर आयोजक अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा, रोमी सिन्हा, मुख्य यजमान अंजनी सिन्हा, सोनी सिन्हा की उपस्थिति में लोजपा नेता राजकुमार राज, भजन गायक सुनील केडिया, गुड्डू केडिया, सुनील मंथन शर्मा, दीपक विश्वकर्मा, रामजी राम सहित दर्जनों श्रोताओं को सम्मानित किया गया। मौके पर संजय सिन्हा, काजल सिन्हा, विकास सिन्हा, श्वेता सिन्हा, आयुष सिन्हा, लकी सिन्हा, शुभ, पीहू, ईशान, दर्श, माही, बन्नी, अंश एवं समस्त सिन्हा परिवार उपस्थित रहे।