ऑप्टिकल कम्युनिकेशन तकनीकों पर रिफ्रेशर कोर्स शुरू

Advertisements

ऑप्टिकल कम्युनिकेशन तकनीकों पर रिफ्रेशर कोर्स शुरू

डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग द्वारा मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग प्रोग्राम (एमएमटीटीपी) के तहत “एडवांस्ड ऑप्टिकल कम्युनिकेशन फॉर 6जी एंड बियॉन्ड” विषय पर ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यूजीसी एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम 26 जून तक चलेगा।

न्यू एकेडमिक कॉम्प्लेक्स स्थित सर जे.सी. बोस कक्षा कक्ष में आयोजित उद्घाटन सत्र में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. रवि कुमार गंगवार ने कहा कि भविष्य की संचार प्रणालियों में ऑप्टिकल कम्युनिकेशन की भूमिका लगातार बढ़ रही है और 6जी तकनीक के विकास में यह महत्वपूर्ण आधार साबित होगी।

एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. अमितेश कुमार ने बताया कि इस रिफ्रेशर कोर्स का उद्देश्य शिक्षकों और शोधकर्ताओं को ऑप्टिकल कम्युनिकेशन तथा 6जी से जुड़ी नवीनतम तकनीकों और शोध गतिविधियों से परिचित कराना है।

सहायक प्रोफेसर प्रो. गोविंद मुर्मू ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रतिभागियों को अगली पीढ़ी की संचार प्रणालियों और उन्नत ऑप्टिकल नेटवर्किंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।

आयोजकों के अनुसार 15 से 21 जून के दौरान प्रतिभागियों को ऑप्टिकल कम्युनिकेशन के मूल सिद्धांतों, फोटोनिक डिवाइस, ऑप्टिकल नेटवर्क आर्किटेक्चर, एडवांस्ड मल्टीप्लेक्सिंग तकनीकों, फ्री-स्पेस ऑप्टिक्स, लाई-फाई तथा ऑप्टिकल वायरलेस कम्युनिकेशन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान सुनने का अवसर मिलेगा। साथ ही 5जी और 6जी नेटवर्क में ऑप्टिकल तकनीकों की भूमिका, उच्च क्षमता वाले संचार नेटवर्क और कम विलंबता (लो लेटेंसी) वाली प्रणालियों से जुड़े नवीनतम शोध एवं चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।

कार्यक्रम में आईआईटी, आईआईएससी, एनआईटी तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। कोर्स का उद्देश्य प्रतिभागियों को ऑप्टिकल कम्युनिकेशन के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास और भविष्य की संचार तकनीकों की समझ प्रदान करना है।

उद्घाटन सत्र का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top