न्याय रथ पहुंचा सुदूर वन्य क्षेत्र मनियाडीह, निःशुल्क अधिवक्ता और लोक अदालत की दी जानकारी
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : झारखण्ड विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धनबाद के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह DLSA अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा एवं अवर न्यायाधीश सह DLSA सचिव मयंक तुषार टोपनो के निर्देशानुसार अधिवक्ता सह LADCS सहायक नीरज कुमार गोयल विधिक सेवा जागरूकता अभियान के तहत न्याय रथ के साथ सुदूर आदिवासी-वन्य क्षेत्र स्थित मनियाडीह पंचायत सचिवालय में एक विशेष शिविर में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए।
उन्होंने कहा कि गरीब, मजलूम, समाज के अत्यंत पिछड़े समुदायों, न्याय से वंचित वर्गों के लिए न्याय प्रक्रिया को सरल, सक्षम एवं जन-जन तक सर्वसुलभ बनाये जाने के लिए NLSA, JHLSA, DLSA द्वारा प्रस्तावित एवं आयोजित योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव अथवा अन्य किसी भी कारणों से कोई न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए निःशुल्क अधिवक्ता प्रदान किये जाने, मध्यस्थता जैसी मौलिक और न्यायिक प्रक्रियाओं का प्रावधान है।
गोयल ने बताया कि चलन्त लोक अदालत, सामान्य एवं राष्ट्रीय लोक अदालतों के माध्यम से लंबित पड़े वादों का निष्पादन किस प्रकार सरल हो गया है। NLSA द्वारा जनहित में जारी टोलफ्री नंबर 15100 की विशेष जानकारी दी। साथ ही पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं से किस प्रकार जनसमान्य विधिक जागरूकता सेवा के माध्यम से लाभान्वित हो सकते हैं, इसकी व्याख्या की।
इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि जयप्रकाश दाँ, पंचायत सचिव गौतम कुमार तिवारी, आंगनबाड़ी-सेविका बहनें तथा वार्ड सदस्यगण उपस्थित रहे। शिविर के सफल संचालन में संदीप कुमार मिश्रा PLV मनियाडीह पंचायत, अमित कुमार दाँ PLV मनियाडीह थाना तथा सूरज कुमार मुर्मू PLV टुंडी पंचायत की विशेष भूमिका रही।