डीबी रोड की मरम्मत को लेकर भाकपा माले का चक्का जाम, जय रामपुर से नॉर्थ तिसरा तक कोयला ट्रांसपोर्टिंग ठप
डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : जय रामपुर मोड़ से नॉर्थ तिसरा चेक पोस्ट तक डीबी रोड की मरम्मत की मांग को लेकर भाकपा माले के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीबी रोड पर ट्रांसपोर्टिंग कार्य बंद करा दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिंहा मौके पर पहुंचे और जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया, लेकिन लोग नहीं माने।
नेतृत्व कर रहे जिला सचिव बिंदा पासवान ने महाप्रबंधक को स्पष्ट रूप से कह दिया कि जब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो जाती, सड़क जाम नहीं हटेगा। बीच सड़क में संगठन का झंडा लगाकर अवरोध कर दिया गया है, इस कारण इस मार्ग से कोयले की ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह बंद हो गई है।
इधर प्रबंधन के लोग मरम्मत कार्य करने की पहल कर रहे हैं। इस संबंध में महाप्रबंधक कार्यालय में वार्ता हुई। बिंदा पासवान ने कहा कि जिस स्थान पर सड़क खराब है, वहां जाकर देखें और उसे ठीक करें, इसके बाद बात होगी। दुर्गा पूजा का समय है, लोगों को काफी परेशानी होती है। रानी सती कॉलोनी, नॉर्थ तीसरा चेक पोस्ट, जय रामपुर मोड़, जग धोरा आदर्श श्रमिक स्कूल के बच्चे इसी रास्ते आते-जाते हैं। प्रबंधन को केवल अपनी ट्रांसपोर्टिंग से मतलब है। मौके पर सपन पासवान, शिव बालक पासवान, करण पासवान, विनोद भुइया, संजय पासवान आदि मौजूद थे।