नवरात्र में जागरूकता का संदेश देगा गिरिडीह, 12 अक्टूबर को सौंदर्य शर्मा व मनोज तिवारी करेंगे रोड शो
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शारदीय नवरात्र के अवसर पर गिरिडीह में जन-जागरूकता को लेकर विशेष आयोजन किया जाएगा। 12 अक्टूबर को बॉलीवुड अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा और भाजपा सांसद व भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी गिरिडीह पहुंचेंगे। दोनों शहर में रोड शो के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को सामाजिक कुरीतियों, नशाखोरी और मोबाइल की बढ़ती लत के खिलाफ जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेता व समाजसेवी विनोद सिन्हा ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवरात्र केवल मां दुर्गा की आराधना का पर्व नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का भी अवसर है। इसी उद्देश्य से इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जुड़ने, नशे से दूर रहने और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल की बढ़ती लत से बचाने की अपील की जाएगी।
विनोद सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में युवा भटकाव की ओर जा रहे हैं, जबकि छोटे बच्चे मोबाइल में अधिक समय बिताकर अपने भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं। नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा की प्रेरणा से समाज को सही दिशा देने और सकारात्मक बदलाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।