नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को करता है बर्बाद, इससे दूर रहना ही सबसे बड़ा बचाव

नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को करता है बर्बाद, इससे दूर रहना ही सबसे बड़ा बचाव

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रायोजित, झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देशित तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, धनबाद के आदेशानुसार शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर प्लस टू विद्यालय झिनाकी टुंडी के सभागार में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में प्रधानाचार्य नारायण कुमार, सहायक शिक्षक श्री प्रयाग ठाकुर, शिक्षिका नीलम कुमारी एवं अन्य सहभागियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को कार्यक्रम की मौलिकता एवं प्रासंगिकता की जानकारी दी गई।

इस दौरान बताया गया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा, अवर न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मयंक तुषार टोपनो तथा विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता शैलेन्द्र कुमार झा के कुशल नेतृत्व में 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत, गांव, कस्बा, टोला एवं चौपाल तक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।

शिविर में विद्यार्थियों को उदाहरण सहित बताया गया कि किसी भी प्रकार के मादक द्रव्यों का सेवन अंततः मन, बुद्धि और आत्मा का नाश कर देता है। इसके शैक्षणिक, आर्थिक, पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले गंभीर और दूरगामी दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का अवैध संचय, विक्रय, प्रचार-प्रसार एवं तस्करी कानूनन जुर्म तथा दंडनीय अपराध है। टुंडी पंचायत के पारा विधिक स्वयंसेवक सूरज कुमार मुर्मू, कटनिया पंचायत के पारा विधिक स्वयंसेवक प्रदीप चंद्र दां तथा मनियाडीह पंचायत के पारा विधिक स्वयंसेवक संदीप कुमार मिश्रा ने भी इस विषय पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार नशे की प्रवृत्ति अंततः मानव तस्करी जैसे जघन्य एवं अमानवीय अपराधों को जन्म देती है। शिविर में यह भी जानकारी दी गई कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार समय-समय पर अनेक लोकहितकारी योजनाएं संचालित करता है, जिनका उद्देश्य गरीब, मजलूम एवं न्याय से वंचित लोगों को सुलभ और सक्षम न्याय उपलब्ध कराना है। अंत में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निःशुल्क सहायता दूरभाष क्रमांक 15100 तथा राष्ट्रीय नशा मुक्ति सहायता दूरभाष क्रमांक 14446 की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top