नन्हें शिशु के आगमन पर “संजय सदन” में सुंदरकांड पाठ का आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद:
सिंह परिवार के आवास ‘संजय सदन’, धैया, धनबाद में नन्हे शिशु “सहर्ष” के आगमन के पावन अवसर पर मंगलवार को भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इंदौर से पधारे प्रख्यात कथावाचक पंकज मिश्रा द्वारा सुंदरकांड का पाठ प्रस्तुत किया गया, जिससे संपूर्ण परिवेश भक्तिमय हो उठा।
इस मांगलिक एवं विशिष्ट अनुष्ठान में प्रख्यात संत राजन जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाराजश्री ने हर्ष सिंह के सुपुत्र “सहर्ष” को अपना असीम स्नेह, लाड़-प्यार एवं दीर्घायु होने का दिव्य आशीर्वाद प्रदान किया। साथ ही, आयोजित पवित्र सुंदरकांड पाठ में राजन जी महाराज सपरिवार और सिंह परिवार के साथ सम्मिलित हुए, जिससे उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को अलौकिक आनंद की प्राप्ति हुई।
इस अलौकिक एवं आनंदमय उत्सव में आगंतुकों और मेहमानों के स्वागत की जिम्मेदारी झरिया की पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, अभिषेक सिंह, एकलव्य सिंह, हर्ष सिंह एवं आदर्श सिंह द्वारा सपरिवार संभाली जा रही थी।
कार्यक्रम के दौरान बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल विशेष रूप से पहुँचे। उन्होंने संत राजन जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा नवजात शिशु “सहर्ष” के आगमन पर पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह एवं समस्त सिंह परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा औरंगाबाद (बिहार) के पूर्व सांसद सुशील सिंह अपने परिवार के साथ, सुरेंद्र जिंदल, रितेश शर्मा, पवन सिंह, राहुल सिंह, प्रदीप देवरालिया, सुरेंद्र जैन, विजय अग्रवाल और रवि सिंह सहित कई विशिष्ट जनों ने कार्यक्रम में पहुंचकर नन्हे बच्चे को अपना आशीर्वाद दिया और सिंह परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर सिंह परिवार के सदस्यों ने महाराजश्री का अभिनंदन किया और इस मांगलिक उत्सव को अपनी पावन उपस्थिति से अलंकृत करने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि, रिश्तेदार और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने नन्हे “सहर्ष” के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।