



निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने उपायुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन, दिया महाधरना

राज्य की झामुमो सरकार में संवैधानिक अधिकार का हो रहा हनन : डॉ रवींद्र राय
डीजे न्यूज, गिरिडीह : राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय चुनाव कराने में किये जा रहे विलंब के खिलाफ और चुनाव की तिथियों की अविलंब घोषणा करने, दलीय आधार पर चुनाव कराने व मतदान में ईवीएम के प्रयोग की मांग को लेकर भाजपा ने मंगलवार को को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और फिर महाधरना दिया। इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे ने व संचालन जिला महामंत्री महेंद्र वर्मा ने की।
इससे पूर्व पपरवाटांड़ दुर्गामंडप परिसर के समक्ष भाजपाई एकत्रित हुए। यहां से झंडा-बैनर के साथ जुलूस की शक्ल में राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते समाहरणायल पहुंचे। यहां महाधरना दिया गया। धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सह भाजपा के पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र कुमार राय ने कहा कि झामुमो की सरकार में अपराध व भ्रष्टाचार बढ़ गई हैं। संवैधानिक अधिकार का हनन हो रहा है। हमलोगों की मांग है कि नगर निगम का चुनाव इवीएम से हो और नगर निकाय का चुनाव दलीय आधार पर जल्द हो। अगर राज्य सरकार दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराती है तो आनेवाले दिनों में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। कहा कि इस सरकार में कानून नाम की चीज नहीं रह गयी है।लोगों को खुलेआम पीट कर हत्या की जा रही है। यह सरकार गरीबों के अधिकार का हनन कर रही है।
निकाय चुनाव कराने में डरती है हेमंत सरकार : विकास प्रीतम
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिन्हा ने कहा कि देश के हर कोने में हर चुनाव ईवीएम से हो रहा है। इलेक्ट्रॉनिक युग में चुनाव देश के कई राज्यों में हुआ। जिसमें विपक्ष के लोग भी ईवीएम से चुनाव जीते हैं। जिस जगह पर विपक्ष की जीत हुई वहां कोई तकलीफ नहीं है, जहां पर हार हुई वहां पर सवाल उठाया जाता है। कहा कि झारखंड सरकार नगर निकाय चुनाव कराने में डरती है। कहा कि नगर निकाय का चुनाव नहीं कराकर बैकडोर से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा इसे कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने नगर निकाय चुनाव की घोषणा जल्द कराने एवं दलीय आधार पर चुनाव कराने की मांग की।
निगम का चुनाव नहीं कराना राज्य सरकार की विफलता : महादेव
भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि भाजपा हर समय जनता के हित में आंदोलन करती है। वर्षों से नगर निगम का चुनाव नहीं कराना राज्य सरकार की विफलता है। कहा कि नगर निकाय में कमीशनखोरी का खेल चल रहा है, जिसे भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। कहा कि इस महाधरना के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर भाजपा मांग करती है कि जल्द से जल्द नगर निकाय का चुनाव कराया जाए। साथ ही यह चुनाव दलीय आधार पर हो। अन्यथा भाजपा सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम को इन्होंने भी किया संबोधित
धरना कार्यक्रम को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नूकांत, भाजपा अजामो के प्रदेश मंत्री कामेश्वर पासवान, पूर्व मेयर सुनील पासवान, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. विनीता कुमारी, भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसखियार, संगीता सेठ, विनय कुमार सिंह, सुभाषचंद्र सिन्हा, सुरेश प्रसाद मंडल आदि ने भी महाधरना को संबोधित किया। मौके पर प्रकाश सेठ, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, जिला मंत्री रंजीत राय, अजय रंजन, सुमन सिन्हा, विजयनंदन तिवारी, संजीव कुमार, टिंकू सिन्हा, सिंकू सिन्हा, उषा कुमारी, खिरोधर दास, राजू दास, प्रकाश दास, समीर राज, नागेश्वर दास, कार्तिक मंडल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।



