नगर निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ता रहें तैयार : सुदेश महतो

Advertisements

गोड्डा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में आजसू प्रमुख ने मजबूत विपक्ष की वकालत की, हेमंत सरकार पर जमकर साधा निशाना 

डीजे न्यूज, गोड्डा : आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आने वाले दिनों में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए तैयार रहने का आहवान किया है। कहा है कि इसके लिए मेहनत करने की जरूरत है, तभी परिणाम सामने आएगा।

वह रविवार को गोड्डा में आजसू के प्रमंडलीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

सुदेश महतो ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका भी अहम है। इस कारण, हमें मजबूत विपक्ष की भूमिका निभानी होगी। कार्यकर्ताओं को छोटे-छोटे जन मुद्दों को सामने लाने की कोशिश करनी होगी, तभी संगठन को आवाम का साथ मिलेगा। सम्मेलन में सुदेश महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों पर जमकर प्रहार किया। कहा कि नौजवानों के लिए वर्तमान सरकार का जीरो प्लान है। गांव स्तर पर संगठन को मजबूत बनाकर सरकार के जनविरोधी कार्यों का पर्दाफाश करने के लिए कार्यकर्ता को सक्रियता दिखानी होगी।

प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में संताल परगना के सभी जिले के पदाधिकारी उपस्थित थे। आजसू सुप्रीमो ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार के पास नौजवानों के लिए कोई प्लान नहीं है। अबुआ आवास भी सरकार गरीबों को नहीं दे पा रही है। अगर किसी को मिल भी रहा है तो बिना चढ़ावा का काम ब्लॉक स्तर पर नहीं हो रहा है। सरकार ने घोषणा की थी कि जो आवास बनेगा उसमें तीन कमरे होंगे। बिजली और शौचालय भी होगा लेकिन स्थिति सभी के सामने है। ऐसी परिस्थिति मे विपक्ष को ज्यादा सजग रहने की जरूरत है क्योंकि सरकार को आइना दिखाना विपक्ष की जिम्मेदारी है। झामुमो की सरकार नहीं चाहती है कि आदिवासियों का विकास हो। आदिवासी का विकास हो जाएगा तो फिर लोग जागरुक हो जाएंगे। इसलिए पिछड़ा वर्ग, आदिवासी, दलित का विकास हो, यह सरकार नहीं चाहती है। यह तभी संभव होगा जब संथाल परगना के गांव-गांव में आजसू संगठन मजबूत होगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते कहा कि प्राइमरी शिक्षा भी सरकार बच्चों को नहीं दे पा रही है क्योंकि प्राइमरी शिक्षक की नियुक्ति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि संताल परगना में पार्टी को मजबूत करना होगा। यहां काफी संभावनाएं है। गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने भी संगठन मजबूती पर जोर दिया और कहा कि आजसू आंदोलन की पार्टी रही है और पूरे राज्य में मजबूत स्थिति में आने वाले समय में उभरेगी। सम्मेलन में कार्यक्रम संयोजक संजीव महतो, प्रवीण प्रभाकर, खालिद खलील, राजा सहानी, चतुरानंद, देवेंद्र महतो आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial