कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित
पीरटांड़ में 24 जून तक चलेगा दिव्यांग बच्चों के नामांकन का विशेष अभियान
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : दिव्यांग बच्चों के विशेष नामांकन अभियान को सफल बनाने को लेकर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 जून से 24 जून तक चलाए जा रहे विशेष नामांकन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में शिक्षा विभाग के बीपीओ बासिल मरांडी ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में एक अप्रैल से नामांकन अभियान संचालित है। अभियान के तहत अब दिव्यांग बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसे सुनिश्चित करना है। बैठक में नामांकन अभियान की वर्तमान स्थिति, दिव्यांग बच्चों की पहचान, विद्यालयवार नामांकन तथा जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही सभी संबंधित विभागों एवं कर्मियों को अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में बीडीओ मनोज कुमार मरांडी समेत शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।