राजगंज की खबरें:-
मोहर्रम में डीजे और नशे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद):
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर राजगंज थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने एवं नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही स्टंट बाइक चलाने वालों और नशे की हालत में जानलेवा खेल का प्रदर्शन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा कि मोहर्रम जुलूस पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप एवं शांतिपूर्ण ढंग से निकाला जाए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर कतरास इंस्पेक्टर मोहम्मद रुस्तम अंसारी, राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राजगंज पुलिस ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।
—————————————–
अवैध कोयला कारोबारी पुलिस की गिरफ्त में
राजगंज: राजगंज पुलिस ने अवैध कोयला खनन एवं परिवहन से जुड़े एक मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी आफताब आलम (36 वर्ष) को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के पिपराडीह स्थित उसके आवास से गुरुवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस आरोपी से आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।