नगर निगम की खबरें:-
नशा उन्मूलन के लिए बनाई मानव श्रृंखला, दिलाई नशामुक्ति की शपथ
डीजे न्यूज, धनबाद: नशा मुक्त समाज के निर्माण और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर निगम धनबाद की ओर से सोमवार को नशामुक्ति की शपथ एवं मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। नगर निगम कार्यालय से प्रारंभ होकर गोल्फ ग्राउंड पार्क तक आयोजित इस कार्यक्रम में निगम के पदाधिकारी , कर्मचारी, सीआरपी ,स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने नशा नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने की सामूहिक शपथ भी ली। इस अवसर पर नगर निगम के प्रतिनिधियों ने कहा कि नशाखोरी एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो व्यक्ति, परिवार और समाज को गहरे स्तर पर प्रभावित करती है। उन्होंने लोगों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सजग रहने तथा प्रभावित व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दिया। नगर निगम ने बताया कि नशा उन्मूलन अभियान के तहत भविष्य में रैलियां, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं एवं अन्य सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में नगर निगम के प्रतिनिधियों ने समाज के सभी वर्गों से सहयोग के लिए अपील किया।
——————————————–
विशेष शिविर में 2.77 लाख राजस्व संग्रह
धनबाद: नगर निगम की ओर से बैंक मोड़ क्षेत्र में सोमवार को विशेष राजस्व संग्रहण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न नगर निगम सेवाओं का लाभ प्रदान करना तथा लंबित देयों के भुगतान हेतु सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान होल्डिंग टैक्स, जलकर, ट्रेड लाइसेंस एवं नवीन स्व-मूल्यांकन प्रपत्र (SAF) से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया गया। नागरिकों द्वारा शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया गया तथा विभिन्न मदों में कुल ₹2,77,572/- (दो लाख सतहत्तर हजार पाँच सौ बहत्तर रुपये) की राजस्व प्राप्ति हुई।
शिविर में प्राप्त राजस्व का विवरण
मद
संग्रहित राशि (₹)
होल्डिंग टैक्स
65,940/-
नवीन SAF
1,74,414/-
जलकर
16,710/-
ट्रेड लाइसेंस
20,508/-
कुल
2,77,572/-
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के विशेष शिविरों का आयोजन आगे भी विभिन्न वार्डों एवं क्षेत्रों में किया जाता रहेगा, जिससे नागरिकों को निगम कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता न पड़े तथा राजस्व संग्रहण में भी वृद्धि हो।
धनबाद नगर निगम सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने होल्डिंग टैक्स, जलकर, ट्रेड लाइसेंस शुल्क एवं अन्य देयों का समय पर भुगतान करें तथा नगर निगम को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।