नावाडीह में हथियार के बल पर मीट दुकान से 17 खस्सी की लूट
डीजे न्यूज, धनबाद: नावाडीह के विनोद बिहारी चौक के पास स्थित एक मीट दुकान में हथियारबंद चोरों ने धावा बोल दिया और 17 खस्सी लूट कर ले गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की है। नावाडीह के विनोद बिहारी चौक के पास नारायण मंडल की झटका मीट की दुकान है। रात में दुकान के अंदर दो कर्मचारी सो रहे थे।
इसी दौरान हथियारों से लैस 4 से 5 चोर दुकान में घुस आए। चोरों ने सो रहे कर्मचारियों को चापड़ दिखाकर डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण कर्मचारी कुछ नहीं कर पाए।
इसके बाद चोरों ने दुकान के गोदाम में बंधे 17 खस्सियों को खोला और अपने साथ लाए वाहन में लादकर फरार हो गए।
दुकान मालिक नारायण मंडल के मुताबिक चोरी गए खस्सियों की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये है। इस घटना से इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।