गोंदूडीह की झाड़ियों में मिला वासेपुर के युवक का शव, इलाके में सनसनी

गोंदूडीह की झाड़ियों में मिला वासेपुर के युवक का शव, इलाके में सनसनी

डीजे न्यूज, धनबाद: गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे जोनल ट्रेनिंग स्कूल के पास लाल बंगला के आगे झाड़ियों में पड़ा मिला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान वासेपुर न्यू कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय शाहबाज अहमद उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और गोंदूडीह ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

गोंदूडीह ओपी प्रभारी लव कुमार चौधरी के मुताबिक, जिस स्थान पर युवक का शव मिला है, वहां काफी बड़े-बड़े पत्थर मौजूद हैं। युवक के सिर के एक तरफ, आंख के ऊपर हल्की चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव की पहचान के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल यह साफ नहीं है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव झाड़ियों तक कैसे पहुंचा।

पुलिस युवक के आखिरी समय की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जरूरत पड़ने पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top