नाटक में दिखी धनयडीह की युवा पंचायत, शिक्षा-स्वास्थ्य और स्वच्छता का दिया संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में आयोजित “मॉडल युवा ग्राम सभा दिवस” के अवसर पर विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से “धनयडीह युवा ग्राम पंचायत” की तस्वीर प्रस्तुत की। शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने ग्रामीण समुदाय और विद्यालय की भूमिका को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
नाटक में विद्यार्थियों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित कक्षा संचालन और शत-प्रतिशत उपस्थिति के महत्व को दर्शाया। कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देने के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ शौचालय, हाथ धोने की आदत, पौष्टिक आहार और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे विषयों को भी प्रस्तुति में शामिल किया गया।
विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संवादों के माध्यम से संदेश दिया कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। साथ ही ग्राम सभा के माध्यम से विद्यालय और समुदाय मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में पहल कर सकते हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जागो फाउंडेशन के वीरेन्द्र वर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने विभिन्न सामाजिक मुद्दों को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि सह बीआरपी कुमार नवीन ने विद्यार्थियों की गतिविधियों का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों ने पंचायत सभा में होने वाली गतिविधियों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विशिष्ट अतिथि पीरामल फाउंडेशन की सोनिया, अभिभावक संतोष पांडेय, स्नेहा कुमारी, खुशबु कुमारी, डॉली कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह, नोडल शिक्षक संजीव कुमार, शिक्षिका शिखा कुमारी एवं सोनी कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।