मुनीडीह के गोताखोरों ने पानी की गहराई से निकाला बच्ची का शव
रामकनाली ओपी क्षेत्र के झींझीपहाड़ी की घटना
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): रामकनाली ओपी क्षेत्र के झींझीपहाड़ी घाटबंधा तालाब में शुक्रवार को नहाने के क्रम में पानी में डूबी 14 वर्षीय शीतल कुमारी का शव शनिवार को बरामद किया गया। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की पहल पर मुनीडीह से खोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद पानी की गहराई से शीतल के शव को बाहर निकाला। शव बाहर आते ही परिजनों के करुण क्रंदन से हाहाकार मच गया। इस दर्दनाक हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में जलाशयों की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय आपदा प्रबंधन के रवैये पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के नाम पर तालाबों को गहरा तो कर दिया जाता है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किया जाता है। चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं रहती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक एवं गहरे जलाशयों को चिह्नित कर तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, साथ ही आपात स्थितियों से निपटने के लिए पंचायत स्तर पर लाइफ जैकेट, रस्सी, टॉर्च और प्राथमिक उपचार सामग्री अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। मालूम हो कि शीतल अपनी ममेरी बहन के साथ उक्त तालाब में नहाने गई थी। दोनों पानी में उतरी, लेकिन शीतल गहराई में चली गई। उसे पानी में डूबता देख उसकी ममेरी बहन शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से पानी में खोजबीन शुरू की। आवश्यक संसाधन की कमी और तालाब की गहराई ज्यादा होने के कारण बच्ची की खोज में ग्रामीण असफल रहे।