मुंबई में ब्रेन स्ट्रोक से बिरनी के प्रवासी मजदूर की मौत

मुंबई में ब्रेन स्ट्रोक से बिरनी के प्रवासी मजदूर की मौत

डीजे न्यूज, बिरनी,गिरिडीह : रोजी-रोटी की तलाश में मुंबई गए बिरनी प्रखंड के चितरना गांव निवासी बालेश्वर राय (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट भी खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार, बालेश्वर राय, गुली राय के पुत्र थे। वह मुंबई में रहकर दैनिक मजदूरी करते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। 22 अक्टूबर की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिचितों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 23 अक्टूबर को उनका निधन हो गया। चिकित्सकों ने मौत का कारण ब्रेन स्ट्रोक बताया।

### विधायक की पहल पर सहायता राशि की प्रक्रिया शुरू

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने बिरनी अंचल के विधायक प्रतिनिधि सुभाष वर्मा को इसकी सूचना दी। इसके बाद विधायक नागेंद्र महतो को मामले से अवगत कराया गया। विधायक की पहल पर प्रवासी श्रमिकों के लिए मिलने वाली सहायता राशि से संबंधित कागजी प्रक्रिया पूरी कर श्रम विभाग, गिरिडीह को भेज दी गई है।

विधायक प्रतिनिधि के अनुसार, उम्मीद है कि अगले दो से चार दिनों में सहायता राशि आश्रित के बैंक खाते में पहुंच जाएगी। इससे संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को कुछ आर्थिक राहत मिल सकेगी।

### पीड़ित परिवार के प्रति जताई संवेदना

इस दुखद घटना पर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मौके पर केंदुआ के मुखिया सहदेव यादव, पंचायत समिति सदस्य सलीम अंसारी, बंधन राय, महेश वर्मा, रामचंद्र विश्वकर्मा, वार्ड सदस्य नारायण महतो, बंधन विश्वकर्मा सहित कई ग्रामीण और रिश्तेदार मौजूद थे।

बालेश्वर राय की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में संबल देने और हरसंभव मदद करने की बात कही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top