200 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ उठाएं, बिजली चोरी की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन जारी
डीजे न्यूज, देवघर : झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा दी जा रही है। योजना के माध्यम से आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल के खर्च में राहत मिल रही है। जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने के साथ बिजली की बचत करने, बिल का समय पर भुगतान करने और विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, देवघर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग आर्थिक बचत के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के लिए भी जरूरी है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि आवश्यकता नहीं होने पर पंखे, बल्ब, लाइट और अन्य विद्युत उपकरणों को बंद रखें।
### बिजली के तारों और ट्रांसफॉर्मर से रहें दूर
विद्युत विभाग ने लोगों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली के खंभों, ट्रांसफॉर्मर और अर्थिंग तारों को नहीं छूने तथा टूटे या क्षतिग्रस्त बिजली तारों से उचित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है। ऐसी स्थिति दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा गया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
### बिजली चोरी करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कनेक्शन, बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग कानूनन दंडनीय हैं। विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 126 एवं 135 के प्रावधानों के तहत संबंधित मामलों में आर्थिक दंड और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उपभोक्ताओं से वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करने की अपील की गई है।
### विद्युत समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन जारी
बिजली संबंधी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
– **समस्या निवारण:** 9031110118, 9031110119, 9031110120
– **विद्युत विभाग कॉल सेंटर:** 1912, 18003456570, 0651-2710002
– **मोबाइल एवं व्हाट्सऐप संपर्क:** 9031110121, 9431135504, 9431135503 (व्हाट्सऐप)
– **बिजली चोरी की सूचना:** 9431135515 (व्हाट्सऐप)
विभाग के अनुसार, बिजली चोरी की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जिला प्रशासन, देवघर ने सभी उपभोक्ताओं से मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना का लाभ लेने, बिजली का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने में प्रशासन एवं विद्युत विभाग का सहयोग करने की अपील की है।