मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन सक्रिय, आम लोगों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क शुरू
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को सफल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर निर्वाचन शाखा द्वारा हेल्प डेस्क मैनेजरों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि आम मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता आसानी से उपलब्ध हो सके।
जिला निर्वाचन शाखा, गिरिडीह में प्रतिनियुक्त हेल्प डेस्क मैनेजर मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण, विलोपन एवं अन्य निर्वाचन प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही मतदाता सूची में नाम खोजने, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रपत्र भरने तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे और सभी लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ें। उन्होंने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त मतदाताओं को निर्वाचन आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 तथा “ECI Net” जैसी डिजिटल सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि वे घर बैठे भी निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी और सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपने मतदाता संबंधी विवरणों की जांच अवश्य करें तथा आवश्यकता पड़ने पर हेल्प डेस्क से संपर्क कर आवश्यक सुधार एवं पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।