किसानों की आय बढ़ाने को लेकर प्रशासन गंभीर, खरीफ कार्यशाला में आधुनिक खेती पर जोर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अनुमंडलीय कृषि प्रक्षेत्र, पचंबा में आयोजित जिला स्तरीय खरीफ कार्यशाला में किसानों को आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों, कृषक मित्रों और बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत किए बिना ग्रामीण विकास संभव नहीं है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने, उन्नत बीजों का उपयोग बढ़ाने और सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खरीफ मौसम में किसानों को समय पर बीज, उर्वरक और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करें। साथ ही जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जैविक खेती और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।
कार्यशाला के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती, कीट नियंत्रण, सिंचाई प्रबंधन, पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं एवं अनुदान की प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। किसानों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया।