मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, 18.71 लाख से अधिक गणना प्रपत्र घर-घर पहुंचे

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में तेजी, 18.71 लाख से अधिक गणना प्रपत्र घर-घर पहुंचे

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। अब तक जिले के 18.71 लाख से अधिक मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष कार्य भी तय समय के भीतर पूरा करने और डिजिटाइजेशन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जिले में 21,12,570 गणना प्रपत्रों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध अब तक 18,71,960 प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 88.61 प्रतिशत है। उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) एवं नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर अभियान को और गति देने का निर्देश दिया।

उन्होंने बीएलओ को घर-घर जाकर प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने और समयबद्ध तरीके से उनका संग्रह सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।

बैठक में डिजिटाइजेशन कार्य की भी विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देश दिया कि वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य समानांतर रूप से संचालित किया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य त्रुटिरहित ढंग से पूरे हो सकें।

उन्होंने अभियान में लगे वॉलेंटियर्स, विभिन्न विभागों के कर्मियों और अन्य सहयोगी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया तथा सभी विभागों से बेहतर समन्वय बनाकर बीएलओ को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि SIR निर्वाचन आयोग की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने समयबद्ध और पारदर्शी कार्य निष्पादन सुनिश्चित कर जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने पर जोर दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top