मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने पर जोर, गिरिडीह में 44 हजार प्रपत्र-6 की हुई समीक्षा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण और युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्य-प्राचार्य तथा Electoral Literacy Club (ELC) के समन्वयकों ने भाग लिया।
बैठक में SIR के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों, प्रपत्र-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण, 18-19 आयु वर्ग के युवाओं के पंजीकरण और ELC 2.0 के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों से अब तक 44,025 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार धनवार से 7,120, बगोदर से 11,472, जमुआ से 6,141, गांडेय से 6,118, गिरिडीह से 5,586 तथा डुमरी से 7,592 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं।
20 हजार से अधिक युवा मतदाता बनने की कतार में
18-19 आयु वर्ग के युवाओं के मतदाता पंजीकरण पर बैठक में विशेष जोर दिया गया। इस आयु वर्ग से अब तक 20,219 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें धनवार से 3,523, बगोदर से 5,990, जमुआ से 2,034, गांडेय से 2,876, गिरिडीह से 2,304 तथा डुमरी से 3,492 आवेदन शामिल हैं।
उपायुक्त ने UDISE+ में उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के पात्र युवाओं की सूची तैयार कर छात्रवार मतदाता पंजीकरण का सत्यापन कराने का निर्देश दिया। संबंधित प्रतिवेदन 25 सितंबर तक जिला निर्वाचन शाखा को उपलब्ध कराने को कहा गया।
ELC 2.0 में 162 क्लबों का पंजीकरण
बैठक में ELC 2.0 की प्रगति की भी समीक्षा की गई। 18 सितंबर तक जिले में कुल 162 Electoral Literacy Clubs का ऑनलाइन पंजीकरण हुआ है। इनमें 77 पंजीकरण ERO/DEO लॉगिन में लंबित हैं, जबकि 85 का DEO लॉगिन से सत्यापन किया जा चुका है।
विधानसभा क्षेत्रवार धनवार में 26, बगोदर में 35, जमुआ में 36, गांडेय में 18, गिरिडीह में 27 और डुमरी में 20 ELC पंजीकृत हैं।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने संबंधित अधिकारियों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों को लंबित प्रपत्र-6 के निष्पादन, पात्र युवाओं के पंजीकरण के सत्यापन तथा ELC के लंबित ऑनलाइन पंजीकरण को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदाता पंजीकरण की जानकारी देने और उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में सहायक समाहर्ता यश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।