मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की मुहिम तेज, SIR के तहत घर-घर पहुंच रहे BLO
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के सतत मार्गदर्शन में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अभियान की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अभियान को सफल बनाने के लिए सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) और वरीय पदाधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर कार्यों का निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र वितरित करने के साथ उनका संग्रहण भी कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी देकर आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया जा रहा है।
प्राप्त गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन पर भी विशेष फोकस किया गया है, ताकि सभी सूचनाओं का समयबद्ध और त्रुटिरहित संधारण सुनिश्चित हो सके। जिला प्रशासन प्रत्येक स्तर पर अभियान की प्रगति और गुणवत्ता की लगातार समीक्षा कर रहा है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, अपने क्षेत्र के BLO को आवश्यक सहयोग दें तथा समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि SIR-2026 अभियान का उद्देश्य जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।