मोक्ष कल्याणक महोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : जैन तीर्थनगरी मधुबन में सावन सप्तमी के अवसर पर बुधवार को मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन होगा। महोत्सव को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से जैन श्रद्धालुओं के मधुबन पहुंचने का सिलसिला जारी है। बुधवार को दिगंबर जैन समाज और गुरुवार को श्वेतांबर जैन समाज के श्रद्धालु पारसनाथ पहाड़ स्थित टोंक पर निर्वाण लाडू चढ़ाकर भगवान पारसनाथ की आराधना करेंगे। श्रद्धालुओं के आगमन से मधुबन का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।
महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पारसनाथ पहाड़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। मधुबन में साफ-सफाई, पेयजल, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर परिसर के साथ-साथ मुख्य मार्गों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले स्थानों की सफाई कराई गई है।
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंगलवार को एसडीओ राजेंद्र गुप्ता, एसडीपीओ आबिद खान, सीओ ऋषिकेश मरांडी, बीडीओ मनोज कुमार, मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने मधुबन पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने महोत्सव से जुड़े विभिन्न स्थानों का जायजा लेकर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया गया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
दो दिनों तक चढ़ेगा निर्वाण लाडू
सावन सप्तमी के अवसर पर बुधवार को दिगंबर जैन समाज के श्रद्धालु पारसनाथ पहाड़ स्थित टोंक पर निर्वाण लाडू चढ़ाएंगे। वहीं गुरुवार को श्वेतांबर जैन समाज की ओर से निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा। दोनों दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मधुबन पहुंचने की उम्मीद है।
महोत्सव को लेकर जैन समाज के विभिन्न संस्थानों एवं संगठनों की ओर से भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है। महोत्सव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।