मजदूरों को अब समस्याओं के समाधान के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा : अभिषेक सिंह

Advertisements

मजदूरों को अब समस्याओं के समाधान के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा : अभिषेक सिंह
डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद): पूर्वी झरिया क्षेत्र में जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के महामंत्री अभिषेक सिंह ने शनिवार को कोलियरी कार्यालय पहुंचकर जनता मजदूर संघ के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले संगठन का कार्यालय इस स्थान पर नहीं था, लेकिन अब कार्यालय खुल जाने से मजदूर अपनी समस्याएं सीधे यहां दर्ज करा सकेंगे।
अभिषेक सिंह ने कहा, “मजदूरों को अब समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्र से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और संगठन हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर रहेगा।”
इसके बाद जनता मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी झरिया क्षेत्र के महाप्रबंधक टी. पासवान से मुलाकात कर 16 सूत्री मांग पत्र सौंपा। वार्ता के दौरान महामंत्री अभिषेक सिंह ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए लोडिंग प्वाइंटों पर बेहतर रूम निर्माण, शौचालय एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को समय-समय पर पदोन्नति देने तथा भौंरा चिकित्सालय में पिछले दो वर्षों से फार्मासिस्ट नहीं होने के कारण मजदूरों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने अस्पताल में शीघ्र फार्मासिस्ट की नियुक्ति और नर्सों की कमी दूर करने की मांग करते हुए कहा कि इससे बीमार मजदूरों को समुचित उपचार मिल सकेगा। महामंत्री ने रविवार ड्यूटी व्यवस्था में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रविवार को कार्य करने वाले मजदूरों को ही रविवार ड्यूटी का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में वास्तविक कामगारों की उपेक्षा हो रही है।
इसके अलावा सभी परियोजनाओं में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने, भौंरा क्षेत्र की बिजली समस्या दूर करने तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में अधिक क्षमता का मोटर लगाने की मांग रखी गई। साथ ही दामोदर नदी से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट तक अलग जलापूर्ति कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग भी की गई, ताकि नदी का पानी सीधे फिल्टर प्लांट तक पहुंच सके।
मांगों पर चर्चा के दौरान महाप्रबंधक टी. पासवान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे। आश्वासन के बाद वार्ता समाप्त हुई।
बैठक में प्रबंधन की ओर से रवि राज गॉड, महाजन अमित कुमार, ऋषिकेश कम, संजय चौधरी और अभिषेक झा उपस्थित थे। वहीं यूनियन की ओर से महामंत्री अभिषेक सिंह के अलावा सुबोध सिंह, राजीव सिंह, श्री प्रकाश सिंह, भोला सिंह, हरेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, चंदेश्वर सिंह एवं विनोद रवानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top